क्या अखरोट का नियमित सेवन करने से दिमाग दुरुस्त होता है..
एजेंसी :अधिकतर लोग मानते हैं कि अखरोट खाने से ब्रेन हेल्थ बूस्ट हो सकती है और आपकी याददाश्त मजबूत हो सकती है. अखरोट के अंदर की बनावट ब्रेन जैसी होती है, जिसकी वजह से भी लोग इसे ब्रेन के लिए चमत्कारी मानते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो अखरोट पोषक तत्वों से भरपूर होता है और शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होता है, लेकिन क्या वाकई अखरोट खाने से दिमाग तेज हो सकता है? अगर आप भी ऐसा सोचते हैं, तो इस बारे में हकीकत जान लीजिए.
अखरोट में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो दिमाग के लिए लाभकारी माने जाते हैं. इनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन E, मैग्नीशियम, प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट शामिल हैं. विशेष रूप से अल्फा-लिनोलेनिक एसिड (ALA) ब्रेन के लिए फायदेमंद होता है, जो प्लांट से मिलने वाला ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है. अखरोट में पाए जाने वाले पोषक तत्व मस्तिष्क की कोशिकाओं को पोषण देते हैं और सूजन को कम करने में मदद करते हैं.
कुछ रिसर्च बताती हैं कि अखरोट का नियमित सेवन करने से याददाश्त, एकाग्रता और सोचने-समझने की क्षमता बढ़ सकती है. अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लीनिकल न्यूट्रिशन की स्टडी के मुताबिक लंबे समय तक अखरोट का सेवन करने से लोगों का कॉग्निटिन फंक्शन बेहतर हो सकता है. अखरोट में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और पॉलीफेनोल्स मस्तिष्क की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं. इससे उम्र बढ़ने के साथ होने वाली मानसिक गिरावट को रोकने में मदद मिलती है. अखरोट न्यूरो-ट्रांसमीटर के कार्यों को भी बेहतर करते हैं, जिससे मूड, नींद और याददाश्त पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है.



