बागबाड़ी में विकसित होगी अत्याधुनिक बाजार समिति, डीएम ने किया स्थल निरीक्षण

भागलपुर। जिला प्रशासन द्वारा भागलपुर के अलीगंज स्थित बागबाड़ी परिसर में एक अत्याधुनिक बाजार समिति विकसित किए जाने की योजना पर तेजी से कार्य हो रहा है। इस बाजार समिति को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर समुचित सुविधाएं मिल सकें।

परियोजना के तहत वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए चौड़ी सड़कें, जल निकासी (ड्रेनेज) की प्रभावी व्यवस्था, और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बाजार परिसर में फल मंडी, सब्जी मंडी, आलू मंडी और प्याज मंडी के संचालन के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाएंगे।

मंडी परिसर में विक्रेताओं और कामगारों की सुविधा हेतु कैंटीन, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।

इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सोमवार को कृषि विभाग के वरीय पदाधिकारियों, सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर और पुल निर्माण निगम के अभियंताओं के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों के लिए तैयार नक्शे का स्थल पर ही अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. चौधरी ने कहा कि यह परियोजना जिले के कृषि व्यवसाय को बढ़ावा देने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *