जिला कांग्रेस की हुई बैठक, संगठन सशक्तिकरण पर चर्चा

गुमला: जिला कांग्रेस कमिटी संगठन सशक्तिकरण की बैठक गुमला के परिसदन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रौशन बरुवा की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित संगठन सशक्तिकरण गुमला जिला संयोजक आलोक कुमार दूबे ने नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्षों, प्रदेश प्रतिनिधियों का स्वागत किया एवं पूर्व अध्यक्षों के अबतक किए गए कार्यों की सराहना की एवं धन्यवाद दिया।
प्रदेश प्रतिनिधि, प्रखंड अध्यक्षों एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को संबोधित करते हुए आलोक कुमार दूबे ने कहा उदयपुर घोषणा के उपरांत अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी द्वारा आगामी 3 महीने के लिए कार्य योजना प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे जी के द्वारा सौंपी गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के साथ पिछले 21 एवं 22 सितंबर को लिए गए निर्णय को नियोजित करने की जिम्मेदारी गुमला जिला के प्रखंड अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रतिनिधि को सौंपी गई है जो निम्नवत है-
प्रखंड कार्यकारिणी का गठन व प्रत्येक पदाधिकारी के बीच कार्य का विभाजन 10 अक्टूबर से पहले,25 अक्टूबर तक मंडल स्तरीय अध्यक्ष की नियुक्ति व कार्यकारिणी का गठन,10 दिसंबर तक पंचायत स्तरीय अध्यक्ष की नियुक्ति व कार्यकारिणी का गठन, 30 दिसंबर तक बूथ स्तरीय अध्यक्ष की नियुक्ति व कार्यकारिणी का गठन, प्रत्येक इकाइयों की मासिक बैठक हर महीने 10 से 15 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से किया जाना सुनिश्चित किया गया है,जबकि प्रदेश प्रतिनिधि को 25 सितंबर से 30 नवंबर 2022 तक डिजिटल सदस्यता अभियान के तहत प्रमुख इंनरोलर बनकर कम से कम 1000 डिजिटल सदस्यता बनाना है। आलोक दूबे ने बताया कि प्रस्तावित प्रशिक्षण शिविर 10 से 15 नवंबर के बीच राज्य स्तरीय, 20 से 30 नवंबर के बीच जिला स्तरीय, 1 से 10 दिसंबर के बीच प्रखंड स्तरीय,10 से 20 दिसंबर मंडल स्तरीय, 20 से 30 दिसंबर पंचायत स्तरीय, 1 से 15 जनवरी 2023 तक बूथ स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करना है।
गुमला संयोजक ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा भले ही झारखंड प्रदेश से नहीं गुज रही हो लेकिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूरे राज्य में भारत जोड़ो यात्रा आयोजित करेगी जिसके तहत 10 अक्टूबर को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर भारत जोड़ो यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। गुमला में 10 अक्टूबर को पूर्वाहन 10:30 बजे से बिरसा मुंडा उद्यान से भारत जोड़ो पदयात्रा प्रारंभ होगा और कार्तिक उरांव समाधि स्थल पर समाप्त होगी।इसके साथ ही भारत जोड़ो यात्रा 10 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक राज्य के सभी 81 विधानसभा में और सभी प्रखंडों में निकाली जाएगी, इस पदयात्रा का समय सुबह 9:30 से शाम 6:00 बजे तक होगा दोपहर और शाम में प्रत्येक पंचायत में चौपाल एवं अखाड़ा में समस्याओं पर चर्चा होगी।भारत जोड़ो यात्रा के मुख्य उद्देश्य अनियंत्रित महंगाई, अप्रत्याशित बेरोजगारी, नफरत का फैलाव,संवैधानिक व्यवस्था पर हमला,किसानों की गरीबी और समस्यायें होंगी।
पदयात्रा संपर्क के प्रमुख आयाम परिवार की आर्थिक स्थिति की सही जानकारी हासिल करना, स्त्रियों की स्वास्थ्य की ओर विशेष रुप से ध्यान खींचना, बच्चों की शिक्षा पर ध्यान आकृष्ट करना, स्त्रियों का महंगाई की ओर विशेष रुप से ध्यान खींचना, पुरुष वर्ग का व्यवसाय पर ध्यान आकर्षित करना, आम लोगों के साथ अपनी एकरुपता स्थापित और प्रगाढ़ करना,मोहल्ला और पंचायत स्तर पर सामाजिक समरसता कायम करना, स्थानीय समस्याओं को सुलझाने की ओर विशेष ध्यान देना,स्थानीय सामाजिक धार्मिक सौहार्द की महत्ता बताने का पजतन करना।
कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के संदर्भ में आलोक दूबे ने कहा कि वैसे तो प्रदेश प्रतिनिधि अपने विवेक से इसमें वोट करेंगे, लेकिन एक कार्यकर्ता के रूप में मलिकार्जुन खड़गे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अच्छे अध्यक्ष साबित होंगे, उनका तजुर्बा और संगठन क्षमता देश को और कांग्रेस पार्टी को नई राजनीतिक दिशा दशा देगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रोशन बरुवा ने अपने संबोधन में कहा पार्टी के जिन पूर्व अध्यक्षों ने अच्छे काम किए हैं पार्टी में उनकी उपयोगिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा जल्द ही एक समारोह आयोजित कर नवनिर्वाचित प्रखंढ अध्यक्षों और प्रदेश प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया जाएगा एवं पूर्व अध्यक्षों को सम्मान पूर्वक विदाई दी जाएगी। उन्होंने संगठन सशक्तिकरण के संयोजक आलोक दुबे को विश्वास दिलाया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा दिए गए 3 महीने के कार्य सूची को जिले में अक्षरशः: पालन कराया जाएगा।
बैठक में मानिक चंद साहू,रमेश कुमार चीनी,चैतू उरांव, मुरली मनोहर प्रसाद, आशिक अंसारी, अमृता भगत, बॉबी भगत, रघुनंदन प्रसाद, बैबुल अंसारी, राजेश कुजुर उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *