सावन में बासुकीनाथ जाने की होगी सुविधा,कहलगांव से मिलेगी डायरेक्ट बस सेवा

भागलपुर। सावन महीने में बाबा बासुकीनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को अब यात्रा में राहत मिलने वाली है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) भागलपुर प्रमंडल की ओर से कहलगांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बासुकीनाथ के लिए सीधी बस सेवा शुरू की जा रही है।बसों का संचालन 11 जुलाई से किया जाएगा। इसके लिए निगम ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक पवन शांडिल्य ने बताया कि यह बस सेवा शालपुर, नदियामा, कहलगांव, सन्हौला होते हुए बासुकीनाथ तक संचालित की जाएगी। यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।उन्होंने बताया कि यह सेवा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के कांवड़ यात्रियों को ध्यान में रखते हुए शुरू की जा रही है। यात्री को बासुकीनाथ तक आने-जाने के लिए कुल 450 रुपये किराया देना होगा। बस सेवा की जानकारी के लिए यात्री बीएसआरटीसी भागलपुर प्रमंडल के हेल्पलाइन नंबर 8051622272 पर संपर्क कर सकते हैं।

इसके अलावा, उन्होंने बताया कि गुरुवार को श्रद्धालुओं की मांग को ध्यान में रखते हुए भागलपुर क्षेत्र के सभी प्रतिष्ठान अधीक्षकों के साथ बैठक की गई। इस बैठक में सभी प्रतिष्ठानों से बस संचालन की संभावनाओं पर विचार किया गया।

निगम अधिकारियों ने संबंधित रूट का सर्वेक्षण भी पूरा कर लिया है। तकनीकी अड़चनों को दूर करने के बाद जल्द ही बसों का टाइम टेबल जारी किया जाएगा, ताकि कांवड़ियों को समय पर सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *