मुरहू अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन का सांसद कालीचरण मुंडा ने किया उद्घाटन

खूंटी : मुरहू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डिजिटल एक्स-रे मशीन का उद्घाटन सांसद कालीचरण मुंडा ने किया। उद्घाटन समारोह में सिविल सर्जन डॉ. नागेश्वर मांझी, प्रमुख एलिस ओड़ेया, उपप्रमुख अरुण कुमार साबू, जिला परिषद सदस्य नेलानी देमता, बीडीओ रंजीत कुमार सिन्हा, सीओ शंकर कुमार विद्यार्थी, प्रभारी चिकित्सक डॉ. आशुतोष तिग्गा सहित कई जनप्रतिनिधि और महागठबंधन के कार्यकर्ता उपस्थित थे। अस्पताल पहुंचने पर सांसद समेत अन्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।

सांसद मुंडा ने बताया कि अब तक अस्पताल में मैन्युअल एक्स-रे मशीन का उपयोग किया जा रहा था। सरकार ने इसे अपग्रेड करते हुए अब डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई है, जिससे मुरहू सहित आस-पास के ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण जांच की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मामूली एक्स-रे के लिए लोगों को अब खूंटी या रांची नहीं जाना पड़ेगा।

उद्घाटन के बाद सांसद ने मुरहू अस्पताल का निरीक्षण किया और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को इसे बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सांसद ने खुद की बीपी जांच भी कराई।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरहू में हाल ही में स्थापित अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन को लेकर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आशुतोष तिग्गा ने जानकारी दी कि यह मशीन डिजिटल डीआर सिस्टम से युक्त है, जो पूरी तरह कम्प्यूटरीकृत है।

डॉ तिग्गा ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के लाभुकों, लाल और पीला राशन कार्ड धारकों तथा अज्ञात घायलों का एक्स-रे पूरी तरह नि:शुल्क किया जाएगा। वहीं सामान्य मरीजों से मात्र ₹100 शुल्क लिया जाएगा।

उद्घाटन कार्यक्रम में राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष मो. शहजादा खां, पंचायत समिति सदस्य रोशन लाल गंझू, तल्हा खां, सांसद प्रतिनिधि पांडेया मुंडू, धर्मदास कंडीर, विधायक प्रतिनिधि डिक्शन पूर्ति, बबलू खां, झामुमो नेता सनिका बोदरा, अस्पताल के भू-दाता चंद्रशेखर मांझी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *