सन्हौला में ‘पंख’ पहल के तहत डिजिटल लर्निंग सेंटर का उद्घाटन
भागलपुर। सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था समवेत, अमेरिका की रोबोसेपियंस और संस्कृति की संयुक्त पहल “पंख” के अन्तर्गत आज जिले के गोकुलपुर सन्हौला में एक डिजिटल लर्निंग सेंटर का उद्घाटन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, मदारगंज पंचायत के मुखिया प्रभुदयाल साह, रोबोसेपियंस और संस्कृति की प्रतिनिधि प्रभा झा, डॉ. अल्पा पटेल, समवेत की अध्यक्ष छाया पांडे, एवं समवेत के निदेशक विक्रम ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर सेंटर का लोकार्पण किया।
समारोह में उपस्थित प्रशिक्षुओं को सम्बोधित करते हुए निदेशक विक्रम ने बताया कि “प्रौद्योगिकी समानता एवं अवसर सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।” बाल अधिकार कार्यकर्ता सुनील झा ने भी तकनीकी ज्ञान की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि “तकनीक हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है और इसके सामर्थ्य से संभावनाओं के द्वार खुलते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान प्रभा झा ने एक स्कॉलरशिप की घोषणा भी की: “वे युवतियाँ जो दसवीं बोर्ड परीक्षा में 80% अंक लाएंगी, उन्हें ₹10,000 की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी।”
सांस्कृतिक रंग में चार चाँद लगाने के लिए केंद्र से जुड़ी लड़कियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, वहीं पारंपरिक नृत्य ने आयोजन को और समृद्ध बना दिया। समारोह में वार्ड पार्षद एतबारी किस्कू, समवेत के सदस्य वर्षा ऋतु, सुनील कुमार मंडल, राहुल, नीतू और आशा कुमारी समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
इस पहल में डिजिटल शिक्षा के महत्व और महिलाओं को सशक्त बनाने के संकल्प को बल मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी साक्षरता को बढ़ावा देने के इस कार्यक्रम में स्थानीय नेतृत्व और संस्थाओं की भागीदारी इसे और भी निहितार्थपूर्ण बनाती है। डिजिटल लर्निंग सेंटर विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हो सकता है।



