भारी बारिश में भी जनता दरबार में लोगों की भीड़, देर शाम तक लोगों की फरियाद सुनते रहे उपायुक्त- मंजूनाथ भजन्त्री

रांची :भारी बारिश के बीच सोमवार की सुबह से समाहरणालय परिसर में फरियादियों की भीड़ लगी रही और देर शाम तक उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री लोगों की फरियाद सुनते रहे। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से अच्छी संख्या में लोग जनता दरबार में अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। बारिश में सुदूर ग्रामीण इलाके से आये लोगों को लौटने में ज्यादा परेशानी न हो इसे देखते हुए डीसी ने उन्हें प्राथमिकता देते हुए मुलाकात की। बारी-बारी से लोगों की समस्याओं को सुनते हुए उपायुक्त द्वारा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिये गये।

ओरमांझी प्रखण्ड के उत्क्रमित मध्य विद्यायल, ईचादाग की जमीन को ग्रामीणों द्वारा हड़पने की प्रयास का मामला जनता दरबार में आया। आवेदक द्वारा बताया गया कि निर्माण कार्य के लिए सामग्री भी गिरा दी गयी है। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्काल जिला शिक्षा अधीक्षक को फोन कर मामले की जांच के निर्देश दिये, साथ ही अनुमण्डल पदाधिकारी, रांची को स्थल भ्रमण कर उचित कार्रवाई का निदेश दिया गया।

माण्डर अंचल के इरशाद इमाम ने पंजी-2 में छेड़छाड़ कर लगान रसीद निर्गत करने, फर्जी सेल डीड से जमीन का निबंधन कराने एवं कर्मचारी द्वारा पैसे मांगने की शिकायत की गयी। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्काल संबंधित अंचल अधिकारी से फोन पर बात कर कर्मचारी के विरुद्ध जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

जनता दरबार मेें मंईयां सम्मान और राशन कार्ड से भी संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। महिला द्वारा मंईयां सम्मान नहीं मिलने की शिकायत पर उपायुक्त द्वारा तत्काल सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को महिला को लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। राशन कार्ड बनवाने और राशन कार्ड में नाम जोड़ने की आवेदन पर जिलाा आपूर्ति कार्यालय के कर्मी को जनता दरबार में बुलाकर आवेदन की जांच करवायी गयी। आवेदक को बताया गया कि क्रमवार आवेदन निष्पादित किया जा रहा है, जल्द ही उनकी समस्या का समाधान हो जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *