उपायुक्त ने कर्रा प्रखंड के बूथ का निरीक्षण कर संचालित कार्यों की ली जानकारी

खूंटी: मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के तहत 27 अक्टूबर से 09 दिसंबर तक दावा-आपत्ति अवधि निर्धारित है। इसी क्रम में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, श्री लोकेश मिश्रा ने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं BLO का उत्साहवर्धन करने के निमित्त कर्रा प्रखंड स्थित बूथ संख्या 8, 28 एवं 30 भ्रमण कर उपस्थित BLO संग सेल्फी लिया तथा उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके महत्व को रेखांकित किया। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में आप सभी बीएलओ की भूमिका अतिमहत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के तहत दिनांक 27 अक्टूबर से 09 दिसंबर 2023 तक मतदाता सूची में अपना निबंधन, सुधार एवं पुनरीक्षण अवश्य करवाएं। सभी पात्र नागरिक, जो 1 अक्टूबर 2024 को या पहले 18 वर्ष के हो जायेंगे, फॉर्म 6 भरकर मतदाता सूची में पंजीकरण करायें। साथ ही साथ उन्होंने मतदान केंद्र पर उपस्थित बीएलओ से मतदाता सूची प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी ली। इसके अलावा जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया तथा विभिन्न पंजी व बीएलओ रजिस्टर की जांच की।

इसी कड़ी में अपर समाहर्ता द्वारा तोरपा प्रखंड के बूथों का निरीक्षण किया गया एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने मुरहू के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया व बीएलओ से किए जा रहे कार्य प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

इसके अलावा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के तहत #ProudOfMyBLO हैशटैग को सफल बनाने हेतु जिले सभी वरीय अधिकारियों समेत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी ने अपने-अपने बीएलओ के साथ #ProudOfMyBLO सेल्फी अभियान में हिस्सा लिया और इसे सफल बनाने हेतु अपना सहयोग दिया और बीएलओ का उत्साहवर्धन किया।

1 जनवरी 2024 को अर्हता तिथि मानते हुए फोटो मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के संचालन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गये हैं। इस आधार पर राज्य में 27 अक्टूबर को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर तक दावा एवं आपत्ति संबंधी आवेदन दिए जा सकेंगे। 28, 29 अक्टूबर के अलावा 4 और 5 नवंबर को विशेष अभियान दिवस चलाया जायेगा। इस दौरान सभी बीएलओ अपने बूथों पर रहेंगे और वोटर आईडी बनाने और दूसरे कार्यों में सहयोग देंगे। सारी प्रक्रियाओं के बाद अंततः 5 जनवरी, 2024 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *