उपायुक्त ने मनिका प्रखंड क्षेत्र का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा…

लातेहार: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री संदीप कुमार के द्वारा आज मनिका प्रखंड का निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मनिका डिग्री कॉलेज के समीप निर्माणाधीन फोर लेन सड़क परियोजना की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी से प्राप्त की। उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय सीमा के अनुरूप कार्य संपादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात उपायुक्त ने मनिका प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण एवं आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित से जुड़े कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण क्रम में उपायुक्त ने निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मनिका का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए कार्य एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण एवं ससमय कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार पदाधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा उपायुक्त ने मनिका प्रखंड अंतर्गत ग्राम पटना स्थित मलय पुल के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुल निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने एवं कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद,गोपनीय पदाधिकारी श्री श्रेयांस,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चन्दन,प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता एवं कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *