भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ को लेकर उपायुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा बैठक
गणादेश,खूंटी : 15 नवंबर 2025 को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला स्तर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्रीमती आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के आलोक में 11 नवंबर से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के 25वर्ष पूर्ण होने का यह विशेष अवसर राज्य और जिले के गौरव का प्रतीक है। अतः इस अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों का आयोजन व्यवस्थित, आकर्षक एवं सफलतापूर्वक हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए बताया कि 11 नवंबर से हीं कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इस दौरान “रन फॉर झारखंड”, प्रचार वाहन के माध्यम से कार्यक्रमों की जानकारी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति, विभिन्न प्रकार के खेल प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, चित्रांकन, क्विज प्रतियोगिताएं, पर्यटन स्थलों तक साइकिल रैली जैसे विविध कार्यक्रम प्रतिदिन आयोजित किए जाएंगे। साथ हीं इस वर्ष 15 नवंबर को उलिहातू, खूंटी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को राजकीय बिरसा महोत्सव के रूप में भव्य तरीके से मनाया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की जाए।
इस बैठक में मुख्य रूप से परियोजना निदेशक, आईटीडीए, जिला कल्याण पदाधिकारी, डीसीएलआर, जिला योजना पदाधिकारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, नजारत उप समाहर्ता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



