उपायुक्त ने कर्रा प्रखंड में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं पीडीएस दुकानों का किया औचक निरीक्षण
खूंटी : उपायुक्त आर रॉनिटा ने गुरुवार को आकांक्षी प्रखंड कर्रा का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरे के दौरान उन्होंने विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं जन वितरण प्रणाली दुकानों की व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के पश्चात उपायुक्त ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आकांक्षी प्रखंड योजना के विभिन्न इंडिकेटर पर कार्यों का जायजा लिया।
उपायुक्त ने सर्वप्रथम राजकीय मध्य सह उत्क्रमित उच्च विद्यालय हारुहप्पा, कर्रा का दौरा किया। विद्यालय के परिसर में स्वच्छता की स्थिति, पेयजल की उपलब्धता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति और कक्षाओं में पठन-पाठन का अवलोकन किया। मध्यान भोजन योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने भोजन की गुणवत्ता, मेनू अनुसार भोजन की उपलब्धता एवं बच्चों को समय पर भोजन मिलने की स्थिति की जाँच की। उन्होंने रसोईघर एवं खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को उत्साहपूर्वक पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं रचनात्मक शिक्षण पद्धति अपनाने पर जोर दिया।
वहीं उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र लौंकेल और टिमड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में बच्चों को दिए जाने वाले पोषाहार की गुणवत्ता की जाँच की और मेन्यू के अनुसार नियमित भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कर्रा के जन वितरण प्रणाली की दुकान का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने लाभुकों से सीधे संवाद कर खाद्यान्न वितरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि गेंहू, चावल, दाल, नमक और अन्य सामग्री का शत-प्रतिशत वितरण पारदर्शी ढंग से किया जाए और किसी भी लाभुक को वंचित न रखा जाए। उपायुक्त ने कहा कि सभी लाभुकों का ई-केवाईसी अद्यतन कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक समय पर पहुँच सके।
निरीक्षण के पश्चात उपायुक्त ने कर्रा प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में आकांक्षी प्रखंड की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में नीति आयोग द्वारा निर्धारित स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, आजीविका संवर्धन एवं आधारभूत संरचना जैसे प्रमुख सूचकांकों पर गहन चर्चा की गई।



