मुरहू में अनियमित बिजली आपूर्ति से जनजीवन ठप, उप प्रमुख ने जताई कड़ी नाराज़गी
खूंटी: जिले में अनियमित विद्युत आपूर्ति से लोग परेशान हैं, लेकिन मुरहू प्रखंड की स्थिति सबसे बदतर है। यहां बिजली सब स्टेशन तो बन चुका है, लेकिन स्टाफ की कमी और अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण टाउन फीडर और ग्रामीण फीडर—दोनों में ही नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही।मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण साबू ने कहा कि बिजली की कमी से प्रखंड का विकास कार्य रुक गया है। “कई बार तो लगातार 4-5 दिन तक बिजली नहीं रहती, जिससे थाना और अन्य सरकारी कामकाज पूरी तरह ठप हो जाता है,” उन्होंने कहा।उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बिजली विभाग मुरहू को अलग टाउन फीडर बनाकर स्वतंत्र आपूर्ति क्यों नहीं दे रहा। “जनजीवन को संकट में डालना किसी भी हालत में उचित नहीं है। बिजली विभाग को सोचना चाहिए कि मुरहू की समस्या का स्थायी समाधान कैसे हो,” उन्होंने कहा।अरुण साबू ने बिजली मिस्त्रियों की परेशानियों का भी जिक्र किया। बारिश और अंधेरी रातों में उन्हें गांव-गांव, जंगलों में पोल पर चढ़कर काम करना पड़ता है, जहां सांप-बिच्छू जैसे खतरों का सामना करना पड़ता है।लगातार बिजली कटौती से आवासीय विद्यालयों में भय का माहौल है और चोरी की घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी विभाग की होगी।उप प्रमुख ने मांग की कि मुरहू को तुरंत अलग टाउन फीडर से जोड़ा जाए, ताकि जनता को राहत मिले और विभाग का कामकाज भी सुचारू रूप से चल सके।



