डीसी की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण एवं राजस्व विभाग से जुड़े मामलों की हुई विभागीय समीक्षा बैठक

गणादेश,खूँटी: उपायुक्त श्रीमती आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में राजस्व संग्रहण, राजस्व विभाग एवं भू-अर्जन से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री दीपेश कुमारी, अपर समाहर्ता श्री परमेश्वर मुण्डा, डीसीएलआर श्री अरविंद कुमार सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं सभी अंचलाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में खनन, उत्पाद, नगर पंचायत, मत्स्य, अवर निबंधक, श्रम, विद्युत, राजस्व समेत अन्य विभागों द्वारा किए गए राजस्व संग्रहण की मासिक प्रतिवेदन की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों से उनके वार्षिक लक्ष्य एवं विगत माह के प्रदर्शन की जानकारी ली गई। बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी विभाग अपने निर्धारित वार्षिक राजस्व संग्रहण लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने की दिशा में ठोस प्रयास सुनिश्चित करें।

दाखिल-खारिज एवं जाति/आवासीय/आय प्रमाणपत्र से जुड़े मामलों की भी विशेष रूप से समीक्षा की गई, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिया गया कि कोई भी मामला निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित न रहे। प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित कियाजाए। इसके अलावे सक्सेसन म्यूटेशन, परिशोधन ग्रीवांस, सर्टिफिकेट केस, अवैध जमाबंदी समेत अन्य की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को विशेष कैम्प का आयोजन कर आमजनों की समस्याओं का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया। जिससे आमजनों को समस्या न हो।

राजस्व विभाग के अंतर्गत भू-लगान एवं सेस संग्रहण प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई। इस क्रम में सभी अंचल अधिकारियों को अपने दायित्वों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान के मामलों को लंबित न रखने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता अनुसार अंचलों में कैंप आदि के माध्यम से मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए, राजस्व से संबंधित कार्यों को गति देने तथा पारदर्शिता एवं ससमय कार्य सुनिश्चित करने पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *