डीडीसी ने गोराडीह प्रखंड का किया निरीक्षण, स्वच्छता कार्यों की ली जानकारी
भागलपुर। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार सिंह ने गुरुवार को गोराडीह प्रखंड का दौरा कर स्वच्छता कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरा प्रबंधन एवं प्रसंस्करण इकाइयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और विभिन्न वार्डों में जाकर घर-घर सफाई की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर स्वच्छता संबंधी उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। नागरिकों ने मुख्य रूप से जल निकासी (ड्रेनेज) की समस्या को उठाया, जिस पर डीडीसी ने संबंधित बीडीओ को योजना प्रस्तावित कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने पाया कि कुल छह स्वच्छता कर्मी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित थे। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित किया कि अनुपस्थित कर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए जांच प्रतिवेदन शीघ्र समर्पित करें। साथ ही सभी स्वच्छता कर्मियों की नियमित उपस्थिति एवं कार्यकुशलता पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
डीडीसी ने साफ कहा कि स्वच्छता और बुनियादी नागरिक सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने मौके पर ही कई आवश्यक निर्देश दिए, जिनमें घर-घर कचरा पृथक्करण (Segregation), नियमित कचरा उठाव, और प्रसंस्करण इकाइयों की दक्षता में सुधार पर विशेष बल दिया गया। साथ ही स्वच्छता कर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति, ड्रेस कोड तथा कार्य व्यवहार की गुणवत्ता बढ़ाने हेतु साप्ताहिक मूल्यांकन प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए।
अंत में डीडीसी ने सभी अधिकारियों एवं स्थानीय निकाय कर्मियों से स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को जनसहभागिता के साथ साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “जनभागीदारी और कर्मियों की जिम्मेदारी — दोनों के संतुलन से ही गोराडीह को एक स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित प्रखंड के रूप में स्थापित किया जा सकता है।”



