बाबा आम्रेश्वर धाम पहुंचे डीसी-एसपी, श्रावणी मेला की तैयारियों का लिया जायजाㅤ

खूँटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने आज बाबा आम्रेश्वर धाम पहुंचकर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया तथा आगामी श्रावण माह में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों एवं श्रावणी मेला की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रावण माह में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर खूंटी एवं तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।
मंदिर परिसर पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर में दर्शन भी किए। वहीं निरीक्षण उपरांत मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से उन्हें बाबा आम्रेश्वर धाम का स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।ㅤ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *