DC ने कस्तूरबा विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, पठन पाठन समेत अन्य व्यवस्थओं का लिया जायजा
खूंटी : उपायुक्त आर रॉनिटा ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कालामाटी का औचक निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, छात्रावास प्रबंधन, भोजन मानक, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। इस दौरान विद्यालय की वार्डन से उन्होंने विद्यालय संचालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी की जांच की और पाया कि विद्यालय में कुछ शिक्षक बिना अनुमति अनुपस्थित थे। इस पर उन्होंने कड़ी संबंधित शिक्षकों के वेतन रोकने तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि बालिकाओं की शिक्षा में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कक्षाओं, रसोईघर, छात्रावास, शौचालयों एवं परिसर की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। रसोईघर व छात्रावास में पाई गई कमियों पर उन्होंने तुरंत आवश्यक सुधार करने का आदेश दिया। उन्होंने पठन-पाठन गतिविधियों को नियमित और प्रभावी बनाने, समय पर कक्षाओं के संचालन, शिक्षण-सामग्री के समुचित उपयोग और छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर विशेष जोर दिया।
उपायुक्त ने कक्षाओं में जाकर छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहने की सुविधा, भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा संबंधी जानकारी भी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, उनके हितों की सुरक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने विद्यालय के वार्डेन एवं संबंधित शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यालय में पठन-पाठन समेत आवासीय विद्यालय से जुड़ी अन्य व्यवस्था को दुरुस्त करें, साथ हीं उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी विद्यालय की नियमित मॉनिटरिंग करने, सुधारात्मक कदम समय पर उठाने तथा आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता निरंतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



