कांग्रेस का 14 को दिल्ली में वोट चोर गद्दी छोड़ पर मेगा रैली,झारखंड कांग्रेस की तैयारी तेज
रांची: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आह्वान पर 14 दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर में आयोजित होने वाली “वोट चोर गद्दी छोड़” मेगा रैली को सफल बनाने के लिए झारखंड कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश कार्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। बैठक में रैली की रणनीति, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और दिल्ली तक रैली की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि देशभर में मतदाता सूची से नाम काटे जाने और मताधिकार में बाधा के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई इलाकों में जानबूझकर मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, जिसकी शिकायत कांग्रेस लगातार उठा रही है। इस संदर्भ में पार्टी ने पूरी स्थिति की जानकारी कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व को दे दी है और अलका लाम्बा को भी इससे अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर की रैली में झारखंड से भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे, जो लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
वहीं कांग्रेस नेत्री सह ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा दिए गए आह्वान के समर्थन में झारखंड कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और सभी विभाग, प्रकोष्ठ तथा जिला इकाइयां अपने-अपने स्तर पर रैली की तैयारियों में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली यह रैली देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश देगी।



