काले कपड़ों में संसद मार्च करेगी कांग्रेस, पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में आज भी हंगामे के आसार

रांची: नीट पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस बुधवार को संसद परिसर में बड़ा प्रदर्शन करेगी। पार्टी के सांसद आज काले कपड़े पहनकर संसद भवन तक मार्च करेंगे और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
मंगलवार को भी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था, जिन्हें देर रात रिहा कर दिया गया।
संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष लगातार पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेर रहा है। विपक्ष की मांग है कि मामले पर विस्तृत चर्चा कराई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
लगातार जारी विरोध-प्रदर्शन और विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही प्रभावित हो रही है। संभावना जताई जा रही है कि बुधवार को भी विपक्ष के विरोध के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित हो सकती है। विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार जवाब नहीं देती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *