अमित शाह के ‘वनवासी’ बयान के विरोध में खूंटी में पुतला दहन, कांग्रेस ने बताया आदिवासी अस्मिता पर हमला
खूंटी : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा आदिवासी समुदाय को ‘वनवासी’ संबोधित किए जाने के विरोध में बुधवार को भगत चौक पर जिला कांग्रेस कमेटी और आदिवासी कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि विल्सन तोपनो ने की। सभा को संबोधित करते हुए विल्सन तोपनो ने कहा कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक समागम समारोह में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा आदिवासी समुदाय को ‘वनवासी’ कहकर संबोधित किया गया, जो बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक है।
उन्होंने कहा कि ‘आदिवासी’ शब्द संवैधानिक पहचान है और यह देश के मूल निवासियों का सम्मान दर्शाता है। ‘वनवासी’ शब्द का प्रयोग कर भाजपा सरकार आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि यह केवल शब्दों का विवाद नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता और सम्मान पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों को कमजोर कर रही है। कांग्रेस पार्टी आदिवासी समाज के सम्मान की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आदिवासी समुदाय के सम्मान की रक्षा की मांग उठाई।
मौके पर प्रदेश सचिव रामकृष्ण चौधरी, जिला उपाध्यक्ष रविकांत मिश्रा, जयसिंह नाग, वरिष्ठ कांग्रेसी देवजीत देवधरिया, जिला महासचिव गोपाल भगत, नगर पंचायत अध्यक्ष गुलाम गौश, महिला जिला अध्यक्ष सुनीता गोप, देवेन्द्र महतो, ऋतुराज झा, एलेक्सियूस परधिया, अमीर हुसैन, विक्रम नाग, जेम्स तोपनो, पीटर मुंडू, सुषमा भेंगरा, हेलेन तिडू, संदीप तिडू, अनमोल होरो समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस और आदिवासी कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।



