कांग्रेस और इंडी गठबंधन झारखंड और विकास विरोधी :भूपेंद्र पटेल

लोहरदगा: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल बुधवार को लोहरदगा के एनडीए प्रत्याशी समीर उरांव के नामांकन में शामिल हुए। गुमला में आयोजित विशाल जनसभा को भी उन्होंने संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आदिवासियों के सर्वांगीण विकास, विकसित भारत और भ्रष्टाचारियों पर सख्ती के लिए भाजपा जरूरी है। किसानों को सम्मान निधि मिलती रहे, महिलाओं और बेटियों को इज्जत मिले, दुश्मन डरते रहे, इसके लिए भी भाजपा जरूरी है।

गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी को सेवा दायित्व सौंपने का महापर्व हो रहा है। झारखंड की जनता तमाम 14 सीट पर एनडीए उम्मीदवार को विजय बनाकर भाजपा के 400 पार के लक्ष्य को पूरा करने में अपना पूरा आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि झारखंड का नसीब चमकाने का यह पर्व है। इसमें चूकना नहीं है। विधानसभा चुनाव में भी जनता आशीर्वाद देगी तो यहां डबल इंजन की सरकार बनेगी। इसके बाद हर गारंटी के पूरी होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आदिवासियों के विकास पर पूरा फोकस कर रहे हैं। झारखंड के आदिवासी परिवार के विकास की गारंटी दी है। जिसे कोई नहीं पूछता है, उसे प्रधानमंत्री मोदी पूछते हैं। गरीबों को गरिमामय जीवन देने का काम उन्होंने किया है। गरीबों को कभी लोन नहीं मिलता था। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में उन्हें लोन दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में विकास का कार्य हुआ है। पूरे देश में 100 से अधिक वंदे भारत ट्रेन चल रही है, इसमें तीन ट्रेन झारखंड को भी मिली है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए भाजपा का सत्ता में आना जरूरी है।

झारखंड की मांग का सम्मान नहीं किया : बाबूलाल मरांडी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है। इसमें सबको साथ देना है। लोहरदगा सीट से समीर उरांव को विजयी बनाना है। पीएम के नेतृत्व में 10 वर्ष में विकास का व्यापक काम हुआ है, ऐसा काम आज तक कभी नहीं हुआ। गरीबों को पक्का मकान मिला। गैस कनेक्शन मिला। मुक्त राशन मिल रहा है। बीमारी के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड दिया गया। गांव-गांव में सड़कों का जाल बिछा है। मोदी को प्रधानमंत्री बनने के लिए जनता वोट करें।

श्री मरांडी ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले झारखंड और विकास विरोधी है। उन्होंने कभी भी झारखंड अलग राज्य नहीं चाहा। झारखंड की मांग का सम्मान नहीं किया। झारखंड की जनता की भावना का सम्मान नहीं किया। भाजपा ने जो वादा किया, उसे पूरा किया। इंडी गठबंधन के लोग ने झारखंड को लूटने का काम किया है। कुछ अभी जेल में हैं। कुछ बेल पर हैं। कुछ को सजा मिल चुकी है। ईडी की चार्जशीट को पढ़ने से पता चल जाएगा कि हेमंत सोरेन जेल में क्यों है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी जाति, किसी भी धर्म के साथ भेदभाव नहीं करती है। एक समान रूप से सभी को योजनाओं का लाभ देती है।

झारखंड के लोगों का हक लूटा : नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने धरती आबा बिरसा मुंडा का गौरव बढ़ाने का काम किया है। साल 2025 को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। पीएम ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री मोदी आशीर्वाद लेने के लिए खड़े हैं। जनता अपना आशीर्वाद दें।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास सक्षम नेतृत्व, संगठन है। संकल्प है और लक्ष्य भी है। विपक्षी दलों के पास न नेता है, ना नियत है ना ही कोई सक्षम नेतृत्व है। वे लोग परिवार और वंश को बचाने की आखिरी लड़ाई लड़ रहे हैं। विपक्षी दलों ने झारखंड के लोगों के हक को लूटने का काम किया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि झारखंड के लोग 400 पर के नारे को मूर्त रूप देने का काम करें। झारखंड से 14 सीट एनडीए की झोली में डालें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों को आरक्षण देने की साजिश कर रही है। आपकी संपत्ति घुसपैठियों को देने के प्रयास में है। 13 मई को वोट एनडीए को वोट देकर उनके मनसूबे पर पानी फेर दे।

लोहरदगा विकसित होगा : समीर उरांव

एनडीए के लोहरदगा प्रत्याशी समीर उरांव ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर किसान, महिला, युवा सशक्त बनेंगे। उनके जीतने पर लोहरदगा विकसित होगा। वे बिरसा मुंडा के आदर्श पर चलकर लोकसभा क्षेत्र का विकास करेंगे।
इस अवसर पर सांसद सुदर्शन भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, महामंत्री मनोज सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के शशांक राज, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *