सीएम हेमंत सोरेन ने हजारों नव चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, रोजगार सृजन पर सरकार का फोकस

रांची: झारखंड सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में एक भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हजारों नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार ने एक साल में 16,000 से अधिक युवाओं को नौकरी दी है और बीते वर्षों में भी निरंतर नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार साजिशें और अफवाहें फैलाकर युवाओं को नौकरी से वंचित करने की कोशिश की जाती है, लेकिन सरकार विकास और रोजगार को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। सीएम ने बताया कि इस बार चयनित अभ्यर्थियों में लगभग 40 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं, जो राज्य में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक है। जेपीएससी चयन में भी करीब 30 प्रतिशत महिला अभ्यर्थियों ने सफलता पाई है।
उन्होंने कहा कि झारखंड अब भी पिछड़े राज्यों में गिना जाता है, लेकिन शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। राज्य में छह नए इंजीनियरिंग कॉलेज और छह नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं। सीएम ने कहा कि सरकार चाहती है कि हर युवा अपने पैरों पर खड़ा हो और इसके लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने बताया कि 8,500 से अधिक पदों पर इंटर, स्नातक और प्रशिक्षित सहायक आचार्यों समेत दंत चिकित्सकों की नियुक्ति की जा रही है। श्रम, कृषि और अन्य विभागों के चयनित अभ्यर्थियों को मंच से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भी राज्य सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। मंत्रियों ने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ दस हजार युवाओं को नौकरी दी जा रही है, और आने वाले समय में यह संख्या एक लाख तक पहुँचेगी।
नव चयनित अभ्यर्थियों ने भी मंच से अपनी सफलता की कहानी साझा की और सरकार के इस कदम की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *