स्वच्छ, निष्पक्ष,भयमुक्त व पारदर्शी  चुनाव सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता : डीएम

अनूप कुमार सिंह,पटना। स्वच्छ, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी व सहभागितापूर्ण वातावरण में बिहार विधान सभा निर्वाचन सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।उक्त बातें पटना डीएम ने कही।वे मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला-स्तरीय स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमिटि) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में सदस्य के तौर पर मान्यता-प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, कोषांगों के वरीय नोडल पदाधिकारीगण, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य भी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव के लिए प्रेस नोट जारी होते ही सम्पूर्ण जिला में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो जाएगा। सभी स्टेकहोल्डर्स इसका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। आयोग द्वारा निर्गत निदेशों/अनुदेशों/परिपत्रों के संदर्भ में आदर्श आचार संहिता का अनुपालन अनिवार्य है। डीएम ने कहा कि आदर्श आचार संहिता समान रूप से सरकारी पदाधिकारियों व कर्मियों एवं राजनैतिक दलों पर लागू होता है। सरकारी पदाधिकारी आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहने की अवधि में निरपेक्ष होकर अपने कार्यों का निष्पादन करेंगे। हर हितधारक सम्पत्ति विरूपण अधिनियम व वाहनों के उपयोग के संबंध में निदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। उक्त समीक्षात्मक

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, आशुतोष राय द्वारा एजेंडावार प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। मान्यता-प्राप्त राजनैतिक दलों के सभी प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रवार मतदान केन्द्रों की संख्या, विधि-व्यवस्था संधारण, नाम-निर्देशन, सोशल मीडिया, मीडिया प्रमाणीकरण एवं अनुश्रवण, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, सम्पत्ति विरूपण अधिनियम, विभिन्न तकनीकी सुविधाओं, ईको-फ्रेंड्ली निर्वाचन कराने हेतु आवश्यक प्रबंध इत्यादि के बारे में विस्तार से बताया गया। गौरतलब हो कि

डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार 563 सेक्टर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सामान्यतः 10 मतदान केन्द्रों पर एक सेक्टर पदाधिकारी को तैनात किया गया है। इन सेक्टर पदाधिकारियों को विधिवत रूप से प्रशिक्षण दिया गया है। ये सभी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। मतदान केन्द्रों का लगातार भ्रमण कर रहे हैं एवं मतदाताओं के बीच जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इनके द्वारा भेद्य टोलों में लगातार भ्रमण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचकों को ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति जागरूक करने के लिए सभी छः अनुमंडलों में ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र (ईडीसी) संचालित है जो बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 की प्रेस नोट की निर्गत तिथि के पूर्व तक कार्यरत रहेगा।  सभी 14 विधान सभा क्षेत्रों में मोबाइल डिमॉन्सट्रेशन वैन के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नागरिकों को ईवीएम/वीवीपैट के बारे में जागरूक किया जा रहा है। निर्वाचक इसका काफी लाभ उठा रहे।

डीएम ने कहा कि जिला अंतर्गत कुल 5,665 मूल मतदान केन्द्र हैं। सभी मतदान केन्द्रों पर आयोग के निदेशों के अनुरूप मतदाताओं हेतु उत्कृष्ट व्यवस्था रहेगी। दिव्यांग मतदाताओं, महिलाओं, 18-19 वर्ग के नये मतदाताओं, वरिष्ठ मतदाताओं सहित सभी निर्वाचकों को मतदान करने हेतु सभी प्रबंध रहेगा। सेक्टर पदाधिकारियों के माध्यम से मतदान केन्द्रवार भेद्यता मानचित्रण संबंधी कार्रवाई की जा रही है। सभी मतदान केन्द्रों पर शत-प्रतिशत सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएँ (एएमएफ) की उपलब्धता रहेगी। रैम्प, शौचालय, फर्नीचर, शेड, बिजली, पानी इत्यादि उपलब्ध रहेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों के अनुसार सफलतापूर्वक चुनाव कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। 563 सेक्टर पदाधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों की टीम तथा 21 कोषांग 24×7 सक्रिय है। विधि-व्यवस्था संधारण एवं आदर्श आचार संहिता के अनुपालन हेतु 49 उड़नदस्ता, 183 स्थैतिक निगरानी दल, 42 वीडियो सर्विलायंस टीम तथा 42 वीडियो व्यूइंग टीम क्रियाशील रहेगा। निर्वाचन व्यय अनुश्रवण के लिए तत्परता से कार्य किया जा रहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की स्थिति में कोई भी व्यक्ति/राजनैतिक दल शिकायत निवारण कोषांग/कॉल सेन्टर कोषांग के सम्पर्क नम्बर 1950 पर डायल कर अपना शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत निवारण हेतु निर्वाची पदाधिकारी/सहायक निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में भी आवेदन दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *