मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सोमरविल कॉलेज का किया दौरा

लंदन/रांची: यूनाइटेड किंगडम के शैक्षणिक कार्यक्रमों के तहत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित सोमरविल कॉलेज का दौरा किया। कॉलेज की प्रिंसिपल कैथरीन रॉयल ने आयोजित स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर आदिवासी कल्याण, सतत विकास, जलवायु कार्रवाई, न्यायसंगत परिवर्तन और उच्च शिक्षा तक समान पहुंच के क्षेत्र में मुख्यमंत्री के नेतृत्व और झारखंड सरकार के प्रयासों की सराहना की गई।

इस दौरान ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट की रिसर्च डायरेक्टर एवं सीनियर रिसर्च फेलो प्रो. राधिका खोसला ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। संवाद के दौरान पर्यावरण नीति, जलवायु कार्रवाई और सतत विकास के क्षेत्रों में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और झारखंड सरकार के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

1879 में स्थापित सोमरविल कॉलेज ऑक्सफोर्ड के अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों में शामिल है, जिसने महिलाओं को शिक्षा का अवसर देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। कॉलेज में ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट भी स्थित है, जो भारत सरकार के सहयोग से संचालित होता है और सतत विकास व सार्वजनिक नीति पर कार्य करता है।

समारोह में भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय छात्र, शोधार्थी और विद्वान उपस्थित रहे। अनौपचारिक संवाद में छात्रों ने झारखंड सरकार के साथ नीति, शासन और विकास से जुड़े विषयों पर कार्यशाला आयोजित करने में रुचि व्यक्त की। यह दौरा ऑक्सफोर्ड और भारत के बीच शैक्षणिक सहयोग को और मजबूत करने वाला रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *