श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने की पूजा अर्चना
रांची: राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पूजा अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की। इस अवसर पर उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं।मुख्यमंत्री ने तपोवन मंदिर के नवनिर्माण कार्य का लिया जायजा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने श्री राम जानकी तपोवन मंदिर परिसर में विधिवत पूजा अर्चना करते हुए झारखंड के सर्वांगीण विकास और लोगों के कल्याण की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर में चल रहे नवनिर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया और निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।मंदिर निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री को दी गई जानकारी
मौके पर श्री राम जानकी तपोवन मंदिर के महंत ओम प्रकाश शरण के साथ साथ श्री राम जानकी तपोवन मंदिर नवनिर्माण समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को मंदिर निर्माण के विभिन्न चरणों और आगामी योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। समिति ने निर्माण कार्यों की प्रगति और भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत की, जिस पर मुख्यमंत्री ने संतोष जताया।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर मंदिर के महंत ओमप्रकाश शरण, नवनिर्माण समिति के सदस्य प्रणय कुमार, अयोध्या दास, रमेश कुमार, धरणीधर, उद्धव सोनपुर, भावेश सोनपुर, रोशन सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं राम भक्त उपस्थित थे।



