राजभवन पहुंचे भाजपा नेता, सूर्या हांसदा पुलिस एनकाउंटर की सीबीआई जांच और रिम्स-2 निर्माण में रैयत किसानों की जमीन बचाने की मांग
रांची : सूर्या हांसदा पुलिस एनकाउंटर की सीबीआई जांच कराने और नगड़ी में रैयत किसानों की उपजाऊ जमीन पर प्रस्तावित रिम्स-2 के निर्माण को रोकने की मांग को लेकर भाजपा का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को राजभवन पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन की तानाशाही व हठधर्मिता से अवगत कराया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया।
भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से दोनों ही मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। साथ ही कहा कि सूर्या हांसदा मामले की सीबीआई जांच कराने और नगड़ी में रिम्स-2निर्माण पर तत्काल रोक लगाने और किसानों पर हुए एफआईआर को वापस लेने की मांग की।
बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पुलिस अपना दामन बचाने के लिए सूर्या हासंदा को एक दुर्दांत अपराधी के रूप से पेश कर रही है। जबकि सूर्या हासंदा के जीवन का एक अन्य पहलू पुलिस के तमाम आरोपों को सिरे से झुठला रहे हैं। सूर्या हांसदा अपराधी नहीं संवेदनशील, सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ता थे। सूर्या हांसदा एक बार नहीं बल्कि चार बार बोरियो विधानसभा क्षेत्र से लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास करते हुए चुनाव लड चुके थे। गोड्डा पुलिस ने राजनीतिक दबाव में आकर सूर्या हांसदा की हत्या की है। सूर्या हांसदा के फर्जी एनकाउंटर में मुख्यमंत्री के बरहेट विधायक प्रतिनिधि की भूमिका भी संदिग्ध है। परिजनों और कई लोगों को आशंका है कि इस मामले में उनकी संलिप्तता रही है। इसलिए इस मामले में सीबीआई जांच को लेकर राज्य सरकार को दिशा निर्देश देने की मांग की। वहीं नगड़ी इलाके में रिम्स-2 निर्माण पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही कहा कि राज्य सरकार द्वारा शत-प्रतिशत उपजाऊ भूमि पर रिम्स टू निर्माण हो रहा है। सरकार की हठधर्मिता और रैयत किसानों के बीच उपजे विवाद के मामले को भी शांत काराने की मांग की है।



