राष्ट्रगीत के अपमान के विरोध में भाजयुमो का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंका
रांची: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित रूप से बातचीत किए जाने के विरोध में रविवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रांची के कचहरी रोड स्थित यूनिवर्सिटी के समक्ष कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब पूरा देश राष्ट्रगीत के सम्मान में शांत एवं अनुशासित होकर खड़ा था, उस दौरान राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी के बातचीत करते हुए दिखाई देने से देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्रगीत के प्रति असम्मान बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण की मांग की।
इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार ने कहा कि राहुल गांधी का यह आचरण संसद और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रगीत का सम्मान किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भावना और राष्ट्र के प्रति सम्मान का विषय है। राष्ट्रगीत के दौरान इस प्रकार का आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।”
प्रिंस कुमार ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा बार-बार भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय भावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता प्रदर्शित की जाती रही है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित से जुड़े ऐसे विषयों पर मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।
कार्यक्रम में भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार, प्रदेश प्रवक्ता बबन बैठा, संजय महतो, बलराम सिंह, सचिन साहू, रौनक राजपूत, सन्नी सिंह, वरुण साहू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


