धुर्वा थाना पहुंचे भाजपा सांसद और विधायक,कहा-हेमंत सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ हमलोगों का आंदोलन जारी रहेगा

रांची: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में पिछले दिनों 11 अप्रैल को सचिवालय घेराव कार्यक्रम के दौरान कानून तोड़ने पर जिला प्रशासन ने एक दर्जन भाजपा नेताओं को नोटिस भेज कर22अप्रैल को धुर्वा थाना पूछताछ के लिए बुलाया था। उसी कड़ी में रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश,भाजपा विधायक सीपी सिंह,नवीन जायसवाल,समरीलाल, भाजपा नेता अशोक बड़ाई,केके गुप्ता सहित कई भाजपा नेता धुर्वा थाना में हाजरी लगाने पहुंचे। धुर्वा थाने में सभी को काफी देर बैठना पड़ा। वहीं मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा ने लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया था। किसी भी कार्यकर्ताओं ने कानून को नहीं तोड़ा था। इसके बाद भी राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाने का काम किया। ऊपर से नोटिस भी देने का काम किया है। यह अन्याय है।
श्री प्रकाश ने कहा कि हमलोग तो आज धुर्वा थाना बोरिया बिस्तर लेकर आए हैं,दम है तो राज्य सरकार गिरफ्तार कर के दिखाए।
हमलोग फर्जी मुकदमा से डरने वाले नहीं हैं। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में ठगबंधन की सरकार जनता की आकांक्षाओं के विपरीत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर जिला प्रशासन ने धारा144 लगा था उस जगह पर भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता नहीं पहुंचा था। हम लोग शांतिपूर्ण आंदोलन करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा इस राज्य की खनिज संपदा को लूटने का काम कर रही है। उसमे कांग्रेस,राजद सहयोग कर रही है।
वहीं विधायक सीपी सिंह और नवीन जायसवाल ने कहा कि झामुमो,कांग्रेस और राजद गठबंधन की सरकार ने जनता को लूटने का काम किया है। हेमंत सोरेन की सरकार ने राज्य में हर साल पांच लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था। नौकरी नहीं देने पर बेरोजगारी भत्ता देने का भी वादा किया था। सारे वादे अबतक राज्य सरकार ने पूरे नहीं किए। इसके अलावा राज्य में विधि व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है। सभी सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का आलम है। विकास योजनाओं की राशि बंदरबांट की जा रही है। ऐसे जनहित के मुद्दे पर जब भाजपा सड़कों पर राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करती है तो झूठे मुकदमे से डराने का काम किया जाता है। भाजपा के कार्यकर्ता मुकदमा से डराने वाले नहीं है और जनहित के लिए आगे भी इस तरह का आंदोलन होता रहेगा।
वहीं भाजपा नेता अशोक बड़ाई ने कहा कि राज्य सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस के डंडे से हम लोग डरने वाले नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *