भागलपुर: बुआ को बचाने उतरे तीन भतीजे गंगा की तेज धारा में समाए, डेढ़ घंटे बाद मिले शव

भागलपुर।  जिले में बुधवार को एक मुंडन समारोह अचानक मातम में बदल गया। घोघा गंगा घाट पर नहाने के दौरान डूब रही महिला को बचाने के प्रयास में उसके तीन भतीजों की नदी में डूबकर मौत हो गई। हालांकि महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान नया टोला ओलपुरा निवासी कृष्ण कुमार (26), सनी कुमार (24) और बॉबी कुमार (26) के रूप में हुई है। इनमें सनी और बॉबी सगे भाई थे, जबकि कृष्ण कुमार उनका चचेरा भाई था। बचाई गई महिला की पहचान तीनों की बुआ रुक्मणी देवी (35) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, घोघा के छतरी साह के घर एक बच्चे का मुंडन संस्कार था। इसी कार्यक्रम के तहत परिवार और रिश्तेदार गंगा घाट पर पहुंचे थे। इस दौरान रुक्मणी देवी गंगा में स्नान करने उतरीं, लेकिन कुछ ही देर में वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।बुआ को डूबता देख तीनों युवकों ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद रुक्मणी देवी को तो सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन तेज धारा में फंसकर तीनों युवक खुद ही लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही घोघा थाना पुलिस गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने एक-एक कर तीनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले।

घोघा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि महिला को बचाने के प्रयास में तीनों युवक तेज धारा की चपेट में आ गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मुंडन का उत्सव पलभर में ही मातम में बदल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *