मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास को समर्पित : बाबूलाल मरांडी
रांची: नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
मरांडी ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जबकि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 50 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्का आवास और 11 करोड़ से अधिक लाभुकों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। देश की अर्थव्यवस्था भी 11वें स्थान से बढ़कर चौथे स्थान पर पहुंची है।
झारखंड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 2.02 करोड़ जनधन खाते खोले गए हैं, 1.35 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं तथा 18.8 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देवघर एयरपोर्ट, एम्स, मेडिकल कॉलेज, सड़क और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाएं राज्य के विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं।
मरांडी ने कहा कि धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर रोक, राम मंदिर निर्माण और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।



