अररिया नगर थानाध्यक्ष अभिनव निलंबित,शिवशरण साह नए थानाध्यक्ष

गणादेश ब्यूरो
अररिया: बस स्टैंड के समीप दिनदहाड़े हुए बैंक ऑफ इंडिया लूटकांड मामले को पूर्णिया प्रक्षेत्र के महानिरीक्षक सुरेश प्रसाद चौधरी ने गंभीरतापूर्वक लिया। मामले को लेकर पूर्णिया के आईजी ने एसपी से बात की और घटना की जानकारी विभिन्न बिंदुओं पर लेते हुए कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।आईजी के आदेश पर अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह ने नगर थानाध्यक्ष कुमार अभिनव को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया। नए थानाध्यक्ष के रूप में पुलिस लाइन में मेजर के पद पर पदासीन इंस्पेक्टर शिवशरण साह को नए थानाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गई है। नए थाना अध्यक्ष के रूप में शिवशरण साह ने अपना पदभार भी ग्रहण किया।बैंक लूटकांड मामले में नगर थानाध्यक्ष कुमार अभिनव को कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए निलंबित किया गया है।मामले की पुष्टि करते हुए अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह ने यह जानकारी दी।
गौरतलब हो कि अररिया नगर थानाध्यक्ष की जिम्मेवारी कुमार अभिनव को मिलने के बाद से ही लगातार आपराधिक वारदातों में बढ़ोतरी हो रही थी और इसे रोक पाने में पुलिस असफल साबित हुई।फलस्वरूप बैंक ऑफ इंडिया लूटकांड के बाद अररिया आईजी सुरेश प्रसाद चौधरी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी अशोक कुमार सिंह को थानाध्यक्ष कुमार अभिनव को निलंबित करने का आदेश दिया। नगर थाना क्षेत्र के अधीन पिछले कुछ माह के दौरान जहां गहना ज्वेलर्स में 50 लाख रुपैये के स्वर्णाभूषण की लूट,खरैहिया बस्ती स्थित भारत फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी से 4.5 लाख की लूट, नहर रोड में बैंक एजेंट से 2.5 लाख की लूट,खरैहिया बस्ती में निबंधन कार्यालय के कर्मचारी पंकज वर्मा से 13 लाख की लूट,कुर्साकांटा मोड़ में व्यापारी से 2.65 लाख की लूट,जीरो माइल में 1.5 लाख की लूट की घटना पुलिसिया कार्यशैली पर लगातार सवाल खड़ा कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *