भागलपुर के 3,20,076 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में ₹35.70 करोड़ की राशि हस्तांतरित
भागलपुर। समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को मिलने वाली मासिक पेंशन राशि को ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 किए जाने के उपलक्ष्य में पेंशन राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी, जिला परिषद अध्यक्ष मिथुन यादव, डीपीओ (आईसीडीएस), सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा), डायरेक्टर, डीआरडीए एवं वरिष्ठ पेंशनधारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला परिषद अध्यक्ष ने पुराने पेंशनधारियों को शॉल एवं पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने जानकारी दी कि पूर्व में पेंशनधारियों को प्रतिमाह ₹400 की राशि प्राप्त होती थी, जिसे अब उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ₹1100 प्रतिमाह कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि भागलपुर जिले के कुल 3,20,076 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में ₹35,70,39,300 की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।
उन्होंने सभी लाभार्थियों से अनुरोध किया कि वे अपने मोबाइल फोन पर बैंक संदेश के माध्यम से राशि प्राप्ति की पुष्टि कर लें।
लाभार्थियों का विवरण:
इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना – 1,12,062 लाभार्थी
मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना – 1,31,954 लाभार्थी
इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना – 15,912 लाभार्थी
लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा योजना – 23,205 लाभार्थी
इंदिरा गांधी निःशक्तता पेंशन योजना – 2,590 लाभार्थी
बिहार निःशक्तता पेंशन योजना – 34,353 लाभार्थी
इस प्रकार, कुल 3,20,076 पेंशनधारियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया है।



