राज्यसभा की दोनों सीटों पर गठबंधन की जीत तय, संगठन सृजन अंतिम चरण में : के. राजू
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक शुक्रवार को पुराना विधानसभा सभागार में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कांग्रेस वर्किंग कमिटी के स्थायी सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राज्यसभा चुनाव के संबंध में भेजे गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए के. राजू ने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं तथा राज्यसभा की दोनों सीटों पर गठबंधन प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि झारखंड में संगठन सृजन का कार्य पिछले डेढ़ वर्षों से चल रहा है और अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। ग्राम पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन का गठन पूरा कर लिया गया है तथा सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उनके कार्यों की समीक्षा प्रत्येक तीन माह में की जाएगी।
के. राजू ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का निर्देश देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा मतदाता सूची से नाम हटाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस ने राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए नियुक्त कर दिए हैं, ताकि किसी भी मतदाता का नाम जबरन नहीं हटाया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा SIR के माध्यम से लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इसका डटकर मुकाबला करेंगे।



