डोरण्डा में महिला से जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप, कार्रवाई की मांग आरोप

रांची:राजधानी रांची के डोरण्डा थाना क्षेत्र स्थित केशवविला अपार्टमेंट में एक महिला ने पड़ोसी पर जातिसूचक गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस मामले में थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, लातेहार की रहने वाली सीमा राय वर्तमान में एचईसी धुर्वा में रहती हैं। उनका फ्लैट डोरण्डा के केशवविला अपार्टमेंट के चौथे तल्ले पर स्थित है, जो अधिकांश समय बंद रहता है। 19 मार्च को जब वह अपने फ्लैट पहुंचीं, तो देखा कि छत पर जाने वाले ग्रील का ताला टूटा हुआ है और वहां गमलों में पौधे लगाए गए हैं। पौधों की सिंचाई से छत पर जल जमाव हो गया, जिससे फ्लैट की फॉल्स सीलिंग और अंदर रखे सामान को नुकसान पहुंचा। पीड़िता के अनुसार इससे उन्हें लाखों रुपये की क्षति हुई है।
सीमा राय का आरोप है कि पूछने पर फ्लैट नंबर-3 के निवासी चटोराज ने गमले रखने की बात स्वीकार की। जब उन्होंने नुकसान की भरपाई की बात कही, तो चटोराज और उनके परिवार के सदस्य आक्रोशित हो गए और उनके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र व्यवहार भी किया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद पीड़िता को लिखित शिकायत देने की सलाह दी। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने 23 मार्च को भी आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *