एजेंटिक प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन
रांची: विश्व दूरसंचार एवं सूचना समाज दिवस के अवसर पर साइबरपीस फाउंडेशन और गूगल डेवलपर ग्रुप रांची के संयुक्त तत्वावधान में रांची के लेबल- 7 रेस्टोरेंट स्थित साइबरपीस कैफे में “एजेंटिक प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मेजर विनीत कुमार ने किया।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं, डेवलपर्स और टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों को एआई, साइबर सुरक्षा और इनोवेशन के क्षेत्र में एक साझा मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एआई आधारित “अकीनेटर फॉर क्रिकेट” गेम रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने संकेतों के आधार पर आईपीएल खिलाड़ियों का अनुमान लगाया। इस अनोखे एआई प्रोजेक्ट ने सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में मेजर विनीत कुमार, शिवांगी राय और साइबर पीस फाउंडेशन की टीम ने डिजिटल सुरक्षा और सुरक्षित नवाचार की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदार तकनीक निर्माण के लिए प्रेरित किया।
इस आयोजन में 150 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विजेताओं और प्रतिभागियों को 30 हजार रुपये से अधिक मूल्य के स्वैग्स और गुडीज़ दिए गए। आयोजकों ने भविष्य में भी हैकाथॉन, बिल्डर सेशन और इनोवेशन आधारित कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।



