आदित्य साहू को मिली झारखंड भाजपा की कमान, जुएल ओरम ने की घोषणा
रांची: झारखंड भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। बुधवार को राजधानी रांची के कार्निवल हॉल में आयोजित संगठन पर्व कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रभारी जुएल ओरम ने आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई, जिसमें करिया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चम्पई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पी.एन. सिंह, रविंद्र राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप साही, जीतू चरण राम, अभय कांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, अन्नपूर्णा देवी, दीपक प्रकाश और गीता कोड़ा शामिल हैं।
इस अवसर पर जुएल ओरम ने कहा कि चुनाव प्रभारी के रूप में उन्हें झारखंड में सभी का सहयोग मिला। उन्हें विश्वास है कि आदित्य साहू के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने अपने चुनावी अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि आदित्य साहू के साथ उनका राजनीतिक सफर बूथ स्तर से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक का रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड का गठन भाजपा के प्रयासों से हुआ और 25 वर्षों बाद भी राज्य अपेक्षित विकास से पीछे है। भाजपा के पास संगठित कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे पहचानकर लक्ष्य की ओर बढ़ना होगा।
आदित्य साहू ने अपने संबोधन में दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों को स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष और शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने झारखंड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि संगठन को विस्तार देने के लिए वे तन-मन से जुटेंगे। अंतिम पायदान पर खड़े कार्यकर्ता को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था, आदिवासियों की सुरक्षा और घुसपैठ जैसे मुद्दों पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि भाजपा जनता के सवालों को लेकर गांव-गांव जाएगी। कार्यक्रम में अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, दीपक प्रकाश सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के सम्पन्न होने के बाद गाजे बजे के साथ प्रदेश अध्यक्ष खुली जीप पर सवार हुए और प्रदेश कार्यालय में पीड़ित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।



