मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर सख्ती: कर्मियों पर कार्रवाई, डीलर टर्मिनेट

भागलपुर। समीक्षा भवन में सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने अभियान की गति को और तेज करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही करने वाले कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्य में सहयोग के लिए बीएलओ के साथ जीविका दीदी, आशा कार्यकर्ता, सेविका/सहायिका, आवास सहायक, पीआरएस एवं विकास मित्रों को भी जोड़ा जा सकता है।

डॉ. चौधरी ने कहा कि यदि कोई कर्मी जानबूझकर कार्य नहीं कर रहा है तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साथ ही सरकारी कर्मियों को निलंबित करने और चयनित कर्मियों को चयन मुक्त करने की अनुशंसा भी की जाएगी।

बैठक में तकनीकी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। बीएलओ ऐप काम नहीं करने की स्थिति में उसे अनइंस्टॉल कर मोबाइल रीस्टार्ट करने और फिर से ऐप इंस्टॉल कर उपयोग में लाने का निर्देश दिया गया। मल्टीपुल लॉगिन सिस्टम के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों की प्रगति की बारी-बारी से जानकारी ली। लापरवाही के मामलों में त्वरित कार्रवाई के आदेश भी दिए गए:

शहरी क्षेत्र में सहयोग नहीं करने वाले तीन डीलरों को टर्मिनेट किया गया।

नारायणपुर के सीडीपीओ का वेतन रोका गया।

वहीं दो महिला पर्यवेक्षिकाओं से स्पष्टीकरण तलब किया गया।

नवगछिया एवं पीरपैंती के जीविका बीपीएम, दो आईसीडीएस महिला पर्यवेक्षिकाएं, तथा जगदीशपुर के जीविका बीपीएम से भी जवाब मांगा गया है।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *