आदिवासी जन आक्रोश रैली में भाग लेने जा रहे लोगों से भरी सवारी गाड़ी पलटी,चार की मौत,17 लोग घायल
रांची : बुंडू में गुरुवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब आदिवासी जन आक्रोश रैली में भाग लेने जा रहे लोगों से भरी एक सवारी गाड़ी भीषण सड़क हादसे की शिकार हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग अड़की प्रखंड क्षेत्र के बुंडू गांव से बुंडू ताऊ मैदान में आयोजित रैली में शामिल होने जा रहे थे। गंभीर से घायलों को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। वहीं रिम्स में आदिवासी नेता अजय तिर्की और कांके विधायक सुरेश बैठा पहुंचे और घायलों के मुलाकात किया।
जानकारी के अनुसार, सवारी वाहन टाटा की ओर से आ रही एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक आगे का टायर फट गया। तेज रफ्तार के कारण वाहन नियंत्रण खो बैठा और बस से जोरदार टक्कर के बाद सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश, एसडीएम कृष्ण कुमार मिश्रा और थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को बुंडू अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स रेफर किया गया।
इस दर्दनाक हादसे के चलते बुंडू ताऊ मैदान में प्रस्तावित आदिवासी जन आक्रोश रैली को स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इलाके में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल व्याप्त है।



