उद्यम विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने लिया भाग
खूंटी: महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं नेतृत्वशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत वर्क विद डिग्निटी के सहयोग से लोक स्वर, रांची द्वारा बेकरी उत्पादों पर आधारित एक दिवसीय उद्यम विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में खूंटी क्षेत्र एवं धुर्वा स्लम की 35 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को रस्क और कुकीज़ जैसे बेकरी उत्पादों के निर्माण का पूर्णतः व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य कम पूंजी में घर से ही शुरू किए जा सकने वाले स्वरोज़गार के अवसरों से महिलाओं को जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने कच्चे माल के चयन, सही माप, स्वच्छता, बेकिंग प्रक्रिया, भंडारण, लागत निर्धारण, मूल्य तय करने, पैकेजिंग तथा स्थानीय बाजार में बिक्री से जुड़ी अहम जानकारियाँ दीं।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने समूहों में स्वयं उत्पाद तैयार किए। उनके भीतर सीखने की ललक, आत्मविश्वास और उद्यम शुरू करने की इच्छा स्पष्ट दिखाई दी। कई महिलाओं ने भविष्य में व्यक्तिगत या सामूहिक स्तर पर बेकरी आधारित व्यवसाय शुरू करने की बात कही।
लोक स्वर के प्रतिनिधियों ने बताया कि संगठन का लक्ष्य महिलाओं को केवल आजीविका के साधन देना नहीं, बल्कि उन्हें नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना है। आर्थिक आत्मनिर्भरता के माध्यम से महिलाएँ सामाजिक असमानताओं के विरुद्ध भी सशक्त आवाज़ बन सकेंगी। यह कार्यक्रम आर्थिक सशक्तिकरण के साथ सामाजिक बदलाव की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ।



