विधानसभा में सीएम हेमंत सोरेन का भाजपा पर हमला, बोले- विपक्ष के पास हर सवाल का जवाब है, लेकिन महत्वाकांक्षाएं बहुत बड़ी हैं

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को विधानसभा में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सदन को सुचारू रूप से चलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन विपक्ष की ओर से सदन में नोट लहराने और उछालने जैसी घटनाएं देखने को मिलीं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ये वही नोट हैं, जिन्हें उन्होंने भाजपा की राजनीति की बुनियाद बताया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद गरीबों, जरूरतमंदों और युवाओं की जेब से पैसा किस तरह निकाला जा रहा है, यह सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को सदन में यह भी दिखाई दिया कि वह पैसा आखिर कहां जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के भविष्य को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार पूरी दृढ़ता के साथ युवाओं के भविष्य के लिए काम कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन नीतियों के कारण लाखों विद्यार्थियों के रोजगार और नौकरी के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। छोटे, मध्यम और बड़े प्रतिष्ठान तक बंद हो रहे हैं। ऐसे में रोजगार के अवसर कहां से पैदा होंगे, यह बड़ा सवाल है।
हेमंत सोरेन ने दावा किया कि राज्य में हुई विभिन्न परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों में 75 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक स्थानीय लोग शामिल रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में दूसरे राज्यों के लोगों को बड़े पैमाने पर यहां रोजगार मिलने की बात किसी से छिपी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष की महत्वाकांक्षाएं बहुत बड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के लिए सच का सामना करना मुश्किल हो गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इसी बेचैनी का असर मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही पर भी देखने को मिला और सदन समय से पहले स्थगित हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *