उपायुक्त की अध्यक्षता में छठ पर्व की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक
खूंटी: छठ महापर्व की तैयारियों के दृष्टिगत समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आज समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्रीमती आर. रॉनिटा द्वारा की गई। बैठक में जिले के प्रमुख छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, नदी व तालाब घाटों की साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, मेडिकल रिस्पॉन्स टीम की उपलब्धता, गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति, यातायात ट्रैफिक व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था समेत सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि छठ घाटों पर बैरिकेडिंग, उचित लाइटिंग एवं अग्नि सुरक्षा उपकरण की उपलब्धता सुनिश्चित हो, संवेदनशील घाटों पर गोताखोरों की टीम की तैनाती रहे। नगर पंचायत द्वारा वार्ड स्तर पर व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। चिकित्सा विभाग द्वारा एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार एवं मेडिकल टीम घाटों पर उपलब्ध रहें। विद्युत विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति की सुनिश्चितता करे और सभी घाटों पर अस्थायी प्रकाश व्यवस्था लगाई जाए। नगर पंचायत क्षेत्र में लगे सभी सीसी टीवी को सक्रिय रहे और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसलिए सभी विभाग समय पर कार्य पूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की वह छठ घंटो का भ्रमण कर उक्त निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराए। निरंतर निगरानी की जाए तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। बैठक में उपस्थित अधिकारियों से उपायुक्त ने फील्ड में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण तैयारी रखने को कहा।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनीष टोप्पो, अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री दिपेश कुमारी, अपर समाहर्ता श्री परमेश्वर मुंडा, डीसीएलआर श्री अरविंद कुमार, सिविल सर्जन डॉ नागेश्वर मांझी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत खूंटी, कार्यपालक अभियंता विद्युत, प्रखंड विकास पदाधिकारी खूँटी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।



