छात्रों पर लाठीचार्ज को राहुल गांधी ने बताया गलत, कहा- बातचीत से निकले समाधान

रांची: झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गलत करार दिया है। उन्होंने छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का समर्थन करते हुए झारखंड सरकार से उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि झारखंड में विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल गलत है। छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और विरोध करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के जरिए ही निकाला जा सकता है।
कांग्रेस सांसद ने झारखंड सरकार से छात्रों की मांगों पर तत्काल विचार करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार को आंदोलन कर रहे युवाओं की बात सुननी चाहिए और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करना चाहिए।
गौरतलब है कि JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और अन्य मांगों को लेकर छात्र संगठनों ने सोमवार को झारखंड विधानसभा घेराव का आह्वान किया था। विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस के साथ छात्रों की झड़प हुई और लाठीचार्ज की घटना सामने आई। इसके बाद छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *