मेले में उमड़ी भीड़, महिला उद्यमियों का बढ़ाया उत्साह

रांची : इस्पात महिला विकास सहयोग समिति, श्यामली कॉलोनी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय मेले के दूसरे दिन लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विभिन्न स्टॉलों का आनंद लेने के साथ जमकर खरीदारी की। मेले में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

मेले के दूसरे दिन झारखंड की राज्यसभा सांसद महुआ मांझी ने मेले का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिला उद्यमियों से बातचीत कर उनके उत्पादों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। सांसद ने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को अपने हुनर और उद्यम को बाजार तक पहुंचाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।

मेले में सभी वर्ग के लोगों की पसंद को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं। हस्तशिल्प, डिजाइनर कपड़े, बैग, ज्वेलरी, सजावटी सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। लोग अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार सामान की खरीदारी कर रहे हैं।

बच्चों के मनोरंजन के लिए मेले में विभिन्न प्रकार के खेल और अन्य गतिविधियों की भी व्यवस्था की गई है। वहीं, स्वादिष्ट और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। परिवार के साथ पहुंचे लोग खरीदारी के साथ खान-पान और मनोरंजन का भी आनंद उठा रहे हैं।

मेले को सफल बनाने में समिति की संरक्षक श्रीमती सोनी वर्मा, अध्यक्षा प्रमिला गुप्ता, सचिव विनीता प्रकाश और कोषाध्यक्ष देवदत्ता साहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति की सदस्य निशी, अनिता, सबिता, मोनिका, माला और राधा सहित अन्य सदस्यों ने भी आयोजन की सफलता में सक्रिय योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *