8 एवं 9 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होंगे विशेष शिविर

खूंटी : उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मो० जावेद हुसैन ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जा चुका है, सभी पात्र मतदाता मतदाता सूची प्रारूप में अपने नाम की जांच जरूर कर लें तथा 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे। इसी क्रम में 8 एवं 9 अगस्त तथा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र नागरिकों के लिए फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उपायुक्त ने बताया कि 15 अगस्त 2026 को सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो तथा जिन परिवारों के सदस्यों का नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज है, वे फॉर्म-8 के माध्यम से एक ही मतदान केंद्र पर अपना नाम स्थानांतरित करा सकें। साथ ही अभियान के दौरान “एक परिवार-एक साथ (Family Together)” स्टिकर भी घरों पर लगाए जाएंगे।
उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं को विशेष शिविरों एवं अन्य कार्यक्रमों की जानकारी दें तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं आवश्यक संशोधन कराने के लिए प्रेरित करें, ताकि जिले का कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *