ऑपरेशन मुस्कान बना खुशियों की वजह: भागलपुर पुलिस ने 14 लाख के 60 मोबाइल लौटाए, मालिकों के चेहरों पर खिली मुस्कान
भागलपुर। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए शुक्रवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत भागलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 14 लाख रुपये मूल्य के 60 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। जैसे ही लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिले, उनके चेहरों पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने भागलपुर पुलिस के प्रयासों की जमकर सराहना की।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में डीआईयू (जिला आसूचना इकाई) तथा साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और साइबर ट्रैकिंग के जरिए विभिन्न स्थानों से 60 मोबाइल फोन बरामद किए।
शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये है।
मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन दोबारा मिल जाएगा। उन्होंने भागलपुर पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता की प्रशंसा करते हुए अभियान को सराहनीय बताया।
भागलपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाना या साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया भी पूरी करें। इससे मोबाइल की ट्रैकिंग और बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

