आरकेडीएफ विश्वविद्यालय का द्वितीय दीक्षांत समारोह संपन्न,618छात्रों को डिग्री,मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल
रांची: नामकुम स्थित आरकेडीएफ विश्वविद्यालय में शनिवार को द्वितीय दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मेकॉन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री संजय कुमार वर्मा, गेस्ट ऑफ़ ऑनर के रूप में झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के विशेष सचिव सह सलाहकार प्रदीप कुमार हजारी तथा सीयूजे के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) कृति भूषण दास उपस्थित थे।
समारोह में कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) शुचितांगशु चटर्जी ने 2025 बैच के पीएचडी, स्नातकोत्तर, स्नातक एवं डिप्लोमा कोर्स के कुल 618 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान कीं। 16 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। कुलपति ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और आत्मविश्वास बढ़ाने का स्तंभ है। उन्होंने युवाओं से कहा कि सफलता को धन से नहीं, समाज में लाए गए सकारात्मक बदलावों से मापना चाहिए।
सीयूजे कुलपति प्रो. (डॉ.) कृति भूषण दास ने कहा कि सफलता कठोर परिश्रम और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। गेस्ट ऑफ़ ऑनर श्री प्रदीप कुमार हजारी ने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और उत्कृष्ट चरित्र को जीवन की मूल पूंजी बताया।
मुख्य अतिथि संजय कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि शिक्षा पूर्ण होने के साथ अब वे जीवन के नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं, जहाँ उनके ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर अमित झा ने किया और इसमें विश्वविद्यालय के सभी संकाय सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



