छात्र-हित एवं शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आजसू का लोकभवन मार्च
रांची: अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के तत्वावधान में छात्र-हित एवं शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को रांची में “लोकभवन मार्च” का आयोजन किया गया। यह मार्च जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम, कचहरी से प्रारंभ होकर लोकभवन तक पहुँचा।
मार्च से पूर्व आजसू के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल से मुलाकात कर छात्र-हित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर आजसू नेताओं ने कहा कि राज्य के छात्र-छात्राओं को लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं, नियुक्तियों एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं मुद्दों के समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार की मांग को लेकर यह लोकतांत्रिक मार्च आयोजित किया गया।
लोकभवन मार्च के माध्यम से प्रमुख मांगें इस प्रकार रखी गईं—
JPSC एवं JSSC की परीक्षाओं से संबंधित सभी अनियमितताओं का शीघ्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान किया जाए।
पूरे परीक्षा प्रकरण की CBI से जांच कराई जाए।
कथित अवैध करोड़ों रुपये के लेन-देन की ED से जांच कराई जाए।
परीक्षा कैलेंडर नियमित रूप से जारी कर समयबद्ध तरीके से परीक्षाएं एवं नियुक्तियां सुनिश्चित की जाएं।
छात्रवृत्ति का समयबद्ध वितरण किया जाए।
शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं छात्रहितैषी बनाया जाए।
आजसू ने राज्य के सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों एवं शिक्षा के प्रति जागरूक नागरिकों से आह्वान किया कि वे छात्र-हित की इस लोकतांत्रिक लड़ाई में बढ़-चढ़कर भाग लें और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूत करें।
संगठन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली एवं समयबद्ध छात्र कल्याण योजनाएं ही झारखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। इसी संकल्प के साथ आजसू ने सभी वर्गों से छात्र-हित के इस आंदोलन में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
“शिक्षित युवा, सशक्त झारखंड – यही है हमारा संकल्प।”
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, पार्टी के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, युवा आजसू के अमित यादव, प्रताप सिंह, चेतन सिंह, अजीत कुमार, अभिषेक राज, राजेश सिंह, सक्षम झा, रोशन नायक, अमन साहू, राजकिशोर महतो, दीपक महतो, उज्ज्वल महतो, जमाल गद्दी, राज दुबे, अब्दुल खान, अभिषेक महतो, रोशनी मुंडा, रवि रोशन सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


