राहुल को परिवार की चिंता, मोदी 140 करोड़ देशवासियों को मानते हैं अपना परिवार : नितिन नवीन
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को भागलपुर के ऐतिहासिक लाजपत पार्क से एनडीए के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ का शंखनाद किया। इस मौके पर आयोजित जनसभा में उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने परिवार की चिंता है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानते हैं और उनके विकास व सुरक्षा के लिए समर्पित हैं।

नितिन नवीन ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार और घोटालों से परेशान था। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने विपक्ष पर चुनाव में हार मिलने के बाद चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। कहा कि तमिलनाडु और केरल में जीत मिलने पर विपक्ष को लोकतंत्र मजबूत नजर आता है, लेकिन हारते ही चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने लगता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत की लोकतांत्रिक छवि को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और चुनाव में वही विपक्ष को जवाब देगी।
नगर विकास मंत्री एवं भागलपुर जिला प्रभारी नीतीश मिश्रा ने एसआईआर को लेकर विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि बिहार में पुनरीक्षण के दौरान 65 लाख अपात्र प्रविष्टियां हटाई गईं और साढ़े 21 लाख नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े गए।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रहा है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी पर देशविरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया। हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद राजेश वर्मा ने भी विपक्ष पर निशाना साधा।
लाजपत पार्क से घंटाघर तक निकली पदयात्रा
जनसभा के बाद नितिन नवीन के नेतृत्व में लगभग 1300 मीटर की पदयात्रा निकाली गई। यह लाजपत पार्क से खरमनचक और भामाशाह चौक होते हुए ऐतिहासिक घंटाघर चौक पहुंची। इससे पहले हवाई अड्डे पर एनडीए नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में एनडीए के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
((((( बॉक्स खबर ))))(
बुलडोजर से पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी से हुआ राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत
भागलपुर। भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार भागलपुर पहुंचे नितिन नवीन का सोमवार को भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। हवाई अड्डे से लेकर लाजपत पार्क तक ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और फूलों की बारिश से माहौल उत्सवमय बना रहा। कई जगहों पर बुलडोजर पर चढ़कर कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। वहीं, जगह-जगह फूल-मालाओं और गुलदस्तों से उनका अभिनंदन किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11:20 बजे नितिन नवीन का हेलीकॉप्टर भागलपुर हवाई अड्डे पर उतरा। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे। जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने पौधा भेंटकर उनकी औपचारिक अगवानी की। इसके बाद भाजपा और जदयू के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शॉल, बुके और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। नितिन नवीन ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। सड़क के दोनों ओर जुटे कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने स्वागत समारोह को शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।


