राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत कृषि सखियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
रांची: रामकृष्ण मिशन आश्रम स्थित दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र, मोराबादी में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एनएमएनएफ) के अंतर्गत आयोजित कृषि सखियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कृषि सखियों को प्राकृतिक खेती की आधुनिक एवं व्यावहारिक तकनीकों से प्रशिक्षित कर उन्हें किसानों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए सक्षम बनाना था।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला उद्यान पदाधिकारी (डीएचओ), रांची रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण मिशन आश्रम के स्वामी ईश्वरानंद जी ने की, जबकि कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अजीत कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की लागत कम करने, आय बढ़ाने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कृषि सखियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में श्री शिबू बेदिया, श्री अमित कुमार सिंह एवं श्री राम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विषय विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न पहलुओं का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जिसकी कृषि सखियों ने सराहना की।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वयन कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक (सस्य विज्ञान) एवं कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. मनोज कुमार सिंह ने किया। उनके मार्गदर्शन और प्रभावी समन्वय से कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
समापन अवसर पर सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, सहयोगियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही प्राकृतिक खेती को जन-जन तक पहुंचाने और किसानों को टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल खेती के लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।


