मोदी सरकार के 12 साल गबन के नाम, देश की संस्थाओं से लेकर रोजगार तक सब लूटा गया:सुप्रियो भट्टाचार्य

रांची: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी जहां अपनी उपलब्धियां गिना रही है, वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इन 12 वर्षों को गबन का काल करार दिया है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने सोमवार को रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में नोटबंदी गबन, पीएसयू गबन, बैंक गबन, जंगल गबन, समुद्र गबन, आकाश गबन और पहाड़ गबन जैसे कई “गबन” हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के प्रमुख एयरपोर्ट और बंदरगाह एक निजी कॉरपोरेट समूह को सौंप दिए गए, जबकि सार्वजनिक संस्थाओं को कमजोर किया गया।
उन्होंने वनतारा परियोजना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकारी वन्यजीवों को निजी हाथों में सौंप दिया गया। वहीं पुलवामा से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक शहीदों के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि आर्थिक अनियमितताएं हुई हैं तो प्रवर्तन निदेशालय को कार्रवाई करनी चाहिए।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगपतियों और नेताओं को बैंक आसानी से ऋण व सब्सिडी मिल जाती है, जबकि किसान इससे वंचित रहते हैं, जिसके कारण उन्हें आत्महत्या जैसे कदम उठाने पड़ते हैं। उन्होंने श्रम कानूनों में बदलाव को मजदूर विरोधी बताते हुए पीएफ और ईएसआई के नियमों में संशोधन पर भी सवाल उठाए।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि सांसदों और विधायकों को तोड़कर लोकतंत्र को कमजोर किया गया। रोजगार, शिक्षा, पेपर लीक, नीट परीक्षा, पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची, विदेश नीति, सांप्रदायिक माहौल और मणिपुर हिंसा को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई, यूजीसी और नीति आयोग जैसी संस्थाओं का भी संस्थागत गबन किया गया है।
अंत में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल देश को शर्मसार करने वाला रहा है और भारतीय रुपये की स्थिति भी लगातार कमजोर हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *