उपायुक्त ने आईटीडीए एवं जिला कल्याण विभाग की योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा‌

खूंटी: आईटीडीए एवं जिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से संबंधित अद्यतन प्रगति की समीक्षा उपायुक्त मो० जावेद हुसैन द्वारा समाहरणालय स्थित सभागार में बिंदुवार की गई।
समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रों को किए गए प्री मैट्रिक एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान तथा साइकिल वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विभागीय प्रावधानों के अनुरूप सभी योग्य छात्रों को ससमय छात्रवृत्ति एवं साइकिल का वितरण सुनिश्चित किया जाए।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में संविधान की धारा 275 (1) के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। लंबित योजनाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के साथ विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण करने पर बल दिया।
बैठक में अल्पसंख्यक कब्रिस्तान घेराबंदी, सरना-मसना हड़गड़ी घेराबंदी, धुमकुड़िया भवन निर्माण, अल्पसंख्यक क्योस्क निर्माण योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान तथा DA-JGUA अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिले में संचालित आवासीय विद्यालयों की स्थिति एवं मरम्मती कार्य की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण मरम्मती कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने डीबीटी भुगतान, योजनाओं के क्रियान्वयन में वित्तीय अनुशासन बनाए रखने एवं विपत्रों की निकासी से पूर्व सभी आवश्यक सावधानियों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता एनआरइपी, सहायक अभियंता, जेई समेत संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *